राजनांदगांव , जनवरी 24 -- ) छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम रूपाकाठी में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है, जिसकी जानकारी आज जिला जनसंपर्क विभाग ने दी दरअसल लंबे समय से सुरक्षित एवं नियमित पेयजल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब घर-घर नल के माध्यम से शुद्ध पानी उपलब्ध हो रहा है।
मिशन के लागू होने से पहले ग्रामीणों को हैंडपंप, कुओं और सीमित जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर ग्रीष्म ऋतु में पेयजल संकट गहराता था, जिससे महिलाओं और बच्चों को दूरस्थ क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता था। इससे समय, श्रम और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था।
इस समस्या के समाधान हेतु भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम रूपाकाठी को शामिल किया गया। योजना के तहत तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित जल स्रोत का चयन कर जल संरचना एवं वितरण प्रणाली का निर्माण किया गया। पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार करते हुए ग्राम के कुल 107 परिवारों को कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं ग्रामवासियों के समन्वय से योजना का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। साथ ही जल आपूर्ति व्यवस्था की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए ग्रामीणों को जल संरक्षण, समुचित उपयोग और रखरखाव के प्रति जागरूक किया गया।
नल से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। महिलाओं और बच्चों को पानी लाने की जिम्मेदारी से राहत मिली है, जिससे उन्हें शिक्षा, आजीविका और घरेलू कार्यों के लिए अधिक समय मिल पा रहा है। स्वच्छ जल की उपलब्धता से जलजनित रोगों में कमी आई है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित