जालौन , मई 4 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हर गांव में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा में सामने आया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद कई गांवों में सड़कें क्षतिग्रस्त पड़ी हैं और रोड रेस्टोरेशन कार्य लंबित है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। डीएम ने शेष सभी गांवों में प्राथमिकता के आधार पर सड़क मरम्मत तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जीवीपीआर के 212 गांवों में से 26 गांवों में अभी जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। डीएम ने मानव संसाधन बढ़ाकर लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने, पाइपलाइन लीकेज, अधूरे कनेक्शन और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित