नयी दिल्ली , मार्च 20 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि इस वर्ष रबी फसल की बहुत अच्छी पैदावार हुयी है और सरकार जल्द ही गेहूं तथा धान की खरीदी प्रक्रिया शुरू करने जा रही है।
श्री चौहान ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार यह पक्का करेगी कि अरहर (तुअर), मसूर और उड़द की भी पूरी खरीदी हो सके। कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसान अपनी जितनी भी उपज बेचना चाहेंगे, सरकार उसे खरीदने के लिए तैयार है।
आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में एक बड़े नीतिगत बदलाव की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पहले इसके लिए केवल दिल्ली में एक बैठक आयोजित की जाती थी। अब रणनीति को अधिक प्रभावी बनाने के लिए देश को पांच ज़ोनों उत्तर, दक्षिण, पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों में बांटा गया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग 'क्षेत्रीय सम्मेलन' आयोजित किए जायेंगे जिससे कि स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार बेहतर योजना तैयार की जा सके।
समीक्षा बैठक के दौरान कई राज्यों में असमय बारिश और ओलावृष्टि से पक चुकी फसलों को हुए नुकसान पर भी चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रभावित राज्यों से तुरंत संपर्क कर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित