पटना , दिसंबर 16 -- बिहार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय शिकायत निवारण कक्ष का औचक निरीक्षण किया और संबंधित अभियंताओं को जलापूर्ति संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ समय से निवारण करने के निर्देश दिये।
मंत्री श्री सिंह ने आज विकास भवन स्थित केंद्रीय शिकायत निवारण कक्ष (सीजीआरसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के निवारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और व्यवस्था की समीक्षा की।
मंत्री श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान दूरभाष पर कई शिकायतकर्ताओं से बात की और उनकी शिकायतों के समाधान को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने पहले से निस्तारित शिकायतों की भी जांच की। जहां कहीं कमी पाई गई, वहाँ संबंधित अभियंताओं को विभागीय समय-सीमा के अनुसार जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने 'हर घर नल का जल' योजना के लाभुकों से भी सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने सीजीआरसी में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से शालीनता और संवेदनशीलता के साथ बात करें तथा जलापूर्ति योजनाओं से जुड़ी हर शिकायत का समय पर समाधान सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय शिकायत निवारण कक्ष के माध्यम से कोई भी नागरिक जलापूर्ति से संबंधित शिकायत कॉल(टॉल फ्री नंबर) या व्हाट्सएप के जरिए दर्ज करा सकता है। प्राप्त शिकायतों का समाधान तय समय-सीमा में किया जाता है। वर्तमान में सीजीआरसी में 21 ऑफिस एग्जीक्यूटिव के साथ एक सीजीआरसी प्रबंधक तथा एक सहायक अभियंता, 02 कनीय अभियंता, 01 कार्यापालक अभियंता एवं 01 अधीक्षण अभियंता पदस्थापित हैं। सीजीआरसी की दैनिक निगरानी विशेष सचिव स्तर से की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित