पटना , दिसंबर 22 -- बिहार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने के मामले में एक कार्यपालक अभियंता एवं चार सहायक अभियंताओं को निलंबित कर दिया है।
निलंबित अभियंताओं में दरभंगा के कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार झा, लालगंज के सहायक अभियंता राकेश कुमार रंजन, सीतामढ़ी के सहायक अभियंता महेश कुमार, पुपरी के सहायक अभियंता (यांत्रिक) मनीष कुमार प्रियदर्शी तथा लहेरियासराय के सहायक अभियंता शिव कुमार शामिल हैं। इनके विरुद्ध विभागीय आदेशों की अवहेलना, कार्य निष्पादन में शिथिलता तथा कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आधार पर निलंबन का निर्णय लिया गया है।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने इस संबंध में कहा कि विभाग लगातार लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है और अब जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निवारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता के लिए शून्य सहनशीलता लागू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण जनता को जलापूर्ति समय पर और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी अधिकारी या संवेदक द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ विभाग द्वारा तुरंत कड़ा कदम उठाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित