श्रीगंगानगर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांव ठंडी में गुरुवार को जलदाय विभाग की डिग्गी में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना आज शाम करीब पांच बजे की है। गांव के लगभग 10 वर्षीय दो बालक दिव्यांशु मेघवाल तथा राघव जाट खेलते हुए जलदाय विभाग की डिग्गी की तरफ चले गए थे। डिग्गी पर सुरक्षा के लिए चारों तरफ तारबंदी की हुई है लेकिन बालकों ने नीचे की तरफ से इसे उठाकर डिग्गी पर चले गए। डिग्गी के किनारे पर खेलते समय दोनों संतुलन खो बैठे और डिग्गी में गिर गए।
उन्होंने बताया कि गांव वालों को इसका काफी देर बाद पता चला तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। दोनों बालकों के परिवारजन तथा काफी संख्या में ग्रामीण दौड़कर डिग्गी पर पहुंचे। गांव वालों ने बालकों को बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो गई थी।
घटना का पता चलने पर रायसिंहनगर के पुलिस उपायुक्त, उपखंड अधिकारी तथा तहसीलदार आदि मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार दोनों बालकों के परिवार वालों ने रिपोर्ट दर्ज कराने तथा पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। लिहाजा मौके पर ही दोनों के शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित