सागर , अप्रैल 11 -- मध्य प्रदेश के सागर जिले के नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने जरूआखेड़ा-बांदरी मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में झंडापुर (जरूआखेड़ा) ग्राम निवासी 18 वर्षीय लक्ष्मी की गहन और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
विधायक लारिया ने पुलिस अधीक्षक को प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि एक दिन पूर्व ही लक्ष्मी, सुमरेड़ी निवासी साहिल पिता अनवर खान के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बांदरी की ओर जा रही थी, तभी मूड़रा के पास मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई। इस हादसे में लक्ष्मी को गंभीर चोटें आने के कारण सागर चिकित्सालय पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि मोटरसाइकिल चला रहे युवक को मामूली चोटें आई हैं।
विधायक लारिया ने कहा कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए यह आवश्यक है कि पुलिस प्रशासन इस मामले की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच सुनिश्चित करे, ताकि बाइक फिसलने के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि घटना के समय मोटरसाइकिल चालक युवक और घटना स्थल के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान पूरी पारदर्शिता के साथ दर्ज किए जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित