सागर , अप्रैल 25 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के नरयावली थाना अंतर्गत सागर-बीना मार्ग पर जरुआखेड़ा के पास शुक्रवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की भिडंत में सात साल की मासूम बच्ची और एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली मोटरसाइकिल पर राहुल सिंह निवासी वन खिरिया (खुरई) सवार थे। दूसरी मोटरसाइकिल पर रामदास कुशवाह, सोनू कुशवाह निवासी धरमपुर और संध्या पटेल सात वर्षीय बेटी श्रद्धा के साथ सवार थे। जरुआखेड़ा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान संयोग से सागर से लौट रही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई लेकिन मौके पर ही राहुल सिंह की मौत हो गई, एंबुलेंस के ईएमटी सुरेंद्र प्रजापति और पायलट प्रहलाद यादव ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जरुआखेड़ा पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को सागर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सात वर्षीय श्रद्धा ने भी दम तोड़ दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित