नयी दिल्ली , जनवरी 15 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने आज से जिम्बाब्वे और नामीबिया में शुरु हो रहे आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप से पहले सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए एक संदेश में, शाह ने क्रिकेट की अगली पीढ़ी के सितारों को बनाने में टूर्नामेंट की भूमिका पर बल देते हुए लिखा, "15 जनवरी से मेजबान देशों जिम्बाब्वे और नामीबिया में शुरू हो रहे आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्वकप के लिए सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं। हमारी यूथ प्रतियोगिता लंबे समय से क्रिकेट के कुछ सबसे बड़े सितारों के लिए रास्ता रही है और मुझे यकीन है कि इस बार भी ऐसा ही होगा।"आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 इस उम्र के 50 ओवरों वाले टूर्नामेंट का 16वां संस्करण है और इसमें 16 टीमें हिस्सा ले रही।
टूर्नामेंट के लिए टीमों को चार-चार के चार ग्रुप में बांटा गया है। हर टीम ग्रुप स्टेज में एक सिंगल राउंड-रॉबिन खेलेगी, जिसके बाद हर ग्रुप की टॉप तीन टीमें सुपर सिक्स स्टेज में आगे बढ़ेंगी। 12 टीमों को फिर दो सुपर सिक्स ग्रुप में बांटा जाएगा, जिसमें से हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल छह फरवरी को हरारे में खेला जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित