यरुशलम , दिसंबर 16 -- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सिडनी के बोंडी बीच पर हनुक्का समारोह में यहूदियों पर आतंकी हमले की निंदा की, जिसमें कम से कम 11 लोग मारे गए थे।

श्री एस जयशंकर ने इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार के साथ संयुक्त रूप से आयोजित संवाददाता सम्मेेेलन को संबोधित करते हुए कहा, "सबसे पहले मैं बोंडी बीच पर हनुक्का समारोह में हुए आतंकी हमले में जानमाल के नुकसान पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं कहना चाहता हूं कि हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।"गौरतलब है कि श्री जयशंकर अभी इजराइल की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा, "जहां तक भारत और इजराइल का सवाल है, दोनों देशों की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। हम आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ अपनी लड़ाई में आपके लगातार समर्थन की सराहना करते हैं।"विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों पक्ष रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा करेंगे जो पिछले दशक में वास्तव में बहुत महत्वपूर्ण रूप से विकसित हुई है।

इजराइली विदेश मंत्री ने भारत में हाल के आतंकी हमलों के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ''आतंकवाद दोनों देशों के लिए एक साझा खतरा है और हम हमेशा भारत के लोगों के साथ खड़े हैं।''दोनों नेताओं ने बातचीत के दौरान रणनीतिक साझेदारी पर ध्यान केंद्रित किया और द्विपक्षीय संबंधों की बढ़ती व्यापक और महत्वाकांक्षी प्रकृति पर प्रकाश डाला, जिसमें 2026 के लिए एक कार्ययोजना अपनाने की योजना है। श्री सार ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, जिसे इजराइल भविष्य के लिए एक स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखता है। दोनों पक्ष ऐसी साझेदारी पर सहमत हुए जो सरकार-से-सरकार (जी2जी), व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) और लोगों-से-लोगों (पी2पी) जुड़ाव को कवर करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित