नयी दिल्ली , फरवरी 21 -- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात की और भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उनके मार्गदर्शन की सराहना की।

श्री जयशंकर ने मुलाकात के बाद 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारत की राजकीय यात्रा पर आये ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। हमारी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उनके गर्मजोशी भरे विचारों और मार्गदर्शन की सराहना करता हूं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी बैठक से द्विपक्षीय संबंधों को नयी गति मिलेगी।"राष्ट्रपति दा सिल्वा अपने अब तक के सबसे बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आये हैं। इसमें 11 कैबिनेट मंत्री, 300 से अधिक कारोबारी और विभिन्न कंपनियों के 50 मुख्य कार्यकारी अधिकारी शामिल हैं, जो व्यापार वाताओं में भाग लेंगे। श्री दा सिल्वा की यह यात्रा जुलाई 2025 में श्री मोदी की ब्राजील की यात्रा के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा 50 से अधिक वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ब्राजील यात्रा थी। इस प्रतिनिधिमंडल से द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग को नयी दिशा मिलने की उम्मीद है, जिससे भारत-ब्राजील संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ेगा।

इससे पहले आज सुबह श्री दा सिल्वा का राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने औपचारिक रूप से स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे।

राष्ट्रपति दा सिल्वा बुधवार को भारत यात्रा पर पहुंचे थे। उन्होंने भारत एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में भाग लिया और शुक्रवार को नयी दिल्ली में ब्राजील की ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी (एपेक्स) के पहले कार्यालय का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य ब्राजील के उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना तथा ब्राजील की अर्थव्यवस्था के रणनीतिक क्षेत्रों में विदेशी निवेश आकर्षित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित