तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 06 -- केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की चुनावी सभा में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गयी जब भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की उम्मीदवार आर श्रीलेखा मंच से नाराज होकर चली गयीं।
वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री जयशंकर ने अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर का उल्लेख किया, लेकिन उसी क्षेत्र की उम्मीदवार श्रीलेखा का नाम नहीं लिया। इस पर नाराज होकर पूर्व आईपीएस अधिकारी और पार्षद श्रीलेखा बीच कार्यक्रम में ही मंच छोड़कर चली गयीं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्हें इस बात से अधिक आपत्ति थी कि पड़ोसी क्षेत्र के उम्मीदवार का जिक्र किया गया, जबकि स्थानीय उम्मीदवार होने के बावजूद उनका नाम नहीं लिया गया।
मंच से उतरने के बाद उन्होंने अपनी नाराजगी श्री चंद्रशेखर और तिरुवनंतपुरम के मेयर वी वी राजेश के सामने भी जाहिर की। बताया जाता है कि उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता जी सोमन से भी इस मुद्दे पर तीखी बातचीत की।
इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप किया और काफी समझाने के बाद श्रीलेखा को दोबारा मंच पर लाया गया, जिससे कार्यक्रम सामान्य रूप से आगे बढ़ सका।
वट्टियूरकावु सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जहां कांग्रेस के के. मुरलीधरण और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वी के प्रशांत भी मैदान में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित