भोपाल , मार्च 23 -- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया ने आज सोमवार को मंत्रालय स्थित वल्लभ भवन में मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पद का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया।
इससे पहले श्री पवैया ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर शिवप्रकाश से मुलाकात की, जहां उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इसके पश्चात उन्होंने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री पवैया ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल सहित मंत्रीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मीडिया से चर्चा में श्री पवैया ने कहा कि उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का संकल्प लिया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदेश के विकास में योगदान देंगे।
उन्होंने बताया कि आयोग की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर नगरीय एवं पंचायत निकायों के वित्तीय विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित