जयपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में पुलिस ने जयपुर रेंज में मादक पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान "एंटी-वेनम" शुरू किया है और पहले ही दिन 15 मुकदमे दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि गत 15 मार्च से आगामी 31 मार्च तक रेंज के सभी जिलों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विशेष अभियान के पहले दिन ही जयपुर रेंज पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 मुकदमे दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ भी बरामद किए हैं।

अभियान के दौरान पुलिस ने 547.67 ग्राम स्मैक, 1884.84 ग्राम गांजा और 1551 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-फरोख्त, सेवन और अवैध खेती करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित