जयपुर , दिसंबर 17 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में 18 से 21 दिसंबर तक 14वां जयरंगम (जयपुर रंग महोत्सव) का आयोजन किया जायेगा जिसके तहत भारत में पहली बार न्यूजीलैंड की नाट्य प्रस्तुति होगी।

बॉलीवुड एक्टर मकरंद देशपांडे और जयरंगम फेस्टिवल की डायरेक्टर मन गेरा ने बुधवार को यहां महोत्सव का पोस्टर लॉन्च किया और मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह चार दिवसीय महोत्सव जवाहर कला केंद्र (जेकेके) में किया जायेगा जो थ्री एम डॉट बैंड्स थिएटर फैमिली सोसाइटी, कला एवं संस्कृति विभाग राजस्थान तथा जेकेके के संयुक्त तत्वावधान में होगा जहां रंगमंच, कला, संस्कृति, संगीत और संवाद का समागम देखने को मिलेगा। मशहूरमहोत्सव की शुरुआत गुरुवार को दोपहर 12 बजे बच्चों के लिए मकरंद देशपांडे के नाटक 'आइंस्टीन' के मंचन से कृष्णायन सभागार में होगी। अपराह्न दो बजे 'अजीत राय- थिएटर, सिनेमा एंड एवरीथिंग इन बिटवीन' विषय पर टॉक शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें मकरंद देशपांडे, गुलाब सिंह तंवर, धर्मेंद्र नाथ ओझा, राजकुमार रजक और अभिषेक गोस्वामी संवाद करेंगे। शाम 4 बजे रंगायन में समीना जेहरा का नाटक 'द गिरमिट' प्रस्तुत किया जाएगा जबकि शाम सात बजे हर उम्र के कला प्रेमियों के लिए मकरंद देशपांडे के नाटक 'आइंस्टीन' का मंचन होगा।

महोत्सव में 11 नाट्य प्रस्तुतियां, म्यूजिकल परफॉर्मेंस, दास्तानगोई, प्रदर्शनी आदि होंगे। इसमें नौ नाटक राजस्थान में पहली बार हो रहे है। समिना ज़हेरा निर्देशित 'द गिरमिट' न्यूजीलैंड की नाट्य प्रस्तुति है जो भारत में पहली बार हो रही है। न्यूज़ीलैंड से आई अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति में जयपुर के अपने कलाकार मोहम्मद ज़मान, अंतर्राष्ट्रीय कलाकार नाडिया फ्रीमैन के साथ मंच साझा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित