जयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में नाहरगढ़ जैविक उद्यान में गुरुवार को पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया जहां जम्मू से लाए गए एक नर एवं एक मादा हिमालयन काले भालू का दीदार आमजन के लिए खोल दिया गया।

राज्य के वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री संजय शर्मा ने दोपहर सवा बारह बजे एनक्लोजर के डिस्प्ले एरिया का फीता काटकर इसका औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही दोनों भालुओं को पर्यटकों के लिए खोला गया।

उद्यान प्रशासन के अनुसार नर भालू की आयु लगभग 30 ढाई वर्ष तथा मादा भालू की आयु लगभग 21 महीना है। श्री शर्मा ने नर भालू का नाम "हरि" और मादा भालू का नाम "कमला" रखा हैं। इस अवसर पर बाघ शिवाजी एवं बाघिन रानी के पांच शावकों का नामकरण भी किया गया। नर शावकों के नाम "सूर्या", "शौर्य" और "विजय" जबकि मादा शावकों के नाम "अम्बे" और "वृंदा" रखा गया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने जैविक उद्यान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) पवन कुमार उपाध्याय तथा मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए अरुण प्रसाद तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित