जयपुर , दिसंबर 20 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में सरना डूंगर रीको एरिया स्थित कदंब डूंगरी में महंत सीताराम दास महाराज और संस्कार दास महाराज के सानिध्य में रविवार को 42 वां लक्खी पौष बड़ा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
पावन मंगल सेवा संस्थान के अनुसार संस्थान की ओर से आयोजित लक्खी पौष बड़ा महोत्सव की तैयारियां पिछले दो महीने से चल रही थी और इस महोत्सव के लिए आस पास के दर्जनों गांवों में सभी लोगों को ( चूल्हा उपाड़) न्योता दिया जा चुका है। प्रसादी बनाने का कार्य शनिवार सुबह भट्टी पूजन के साथ प्रारंभ हो गया। डेढ़ सौ हलवाई करीब 35 भट्टियों पर भोजन प्रसादी तैयार कर रहे है। इस बार 40 क्विंटल आटा, 30 क्विंटल सूजी, 80 पीपे देसी घी, 140 पीपे तेल, 25 क्विंटल चौंला-मूंग की दाल तथा 25 टन सब्जी, मसालों से भोजन प्रसादी तैयार की जाएगी। महाप्रसादी के लिए सामान जन सहयोग से एकत्र किया गया है। पूवाह्न 11 बजे ठाकुर श्री सीताराम जी महाराज, मंगलदास जी महाराज, शिव मंदिर में भोग लगाकर आरती की जाएगी। इसके बाद जयपुर मंडल के 2100 साधु- संतों और कन्याओं को भोजन कराया जाएगा। इस महोत्सव में अयोध्या, काशी, प्रयागराज, मथुरा, हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थ स्थान के साधु-संत शामिल होंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं की महाप्रसादी प्रारंभ होगी। खुले आसमान के नीचे एक साथ चार से पांच हजार श्रद्धालु पंगत प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे। करीब 500 स्वयंसेवक भोजन परोसने में सहयोग करेंगे। देर शाम तक प्रसादी का कार्यक्रम चलेगा। सरना डूंगर गांव, रीको इंडस्ट्रीयल एरिया, बैनाड़, खोरा, लालचंदपुरा, किशनपुरा, गोविंदपुरा, हाथोज, मंशारामपुरा, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा के हजारों श्रद्धालु परिवार सहित ठाकुरजी की प्रसादी ग्रहण करेंगे। दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों के भक्त भी इसमें शरीक होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित