जयपुर , जनवरी 27 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में कोग्निवेरा पोलो कप 2026 ( आठ गोल) की मंगलवार को शुरुआत हुई। अभिनेत्री एवं फिटनेस आइकन मलाइका अरोड़ा सहित कई गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में जयपुर के राजस्थान पोलो क्लब में उद्घाटन समारोह के साथ इसका शुभारंभ हुआ। इसके एक हफ्ते तक पोलो मुकाबले होंगे। यह टूर्नामेंट एक फरवरी को होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होगा।

हाल में भारत और अर्जेंटीना के बीच संपन्न हुए कोग्निवेरा इंटरनेशनल पोलो कप की सफलता के बाद, इस टूर्नामेंट की शुरुआत और भी जोश के साथ हुई।

जयपुर पोलो सीजन 2026 के हिस्से के रूप में कोग्नीवेरा पोलो कप में लीग और नॉकआउट मैचों में सात टीमें खेलेंगी। इस टूर्नामेंट में भारत और विदेशों के प्रमुख खिलाड़ी एक हफ्ते तक जयपुर के प्रसिद्ध पोलो मैदानों पर आठ-गोल पोलो का रोमांच दिखाएंगे।

टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर कोग्नीवेरा आईटी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलेश शर्मा ने कहा 'पोलो सटीकता, अनुशासन और टीम वर्क का प्रतीक है और यह मूल्य कोग्नीवेरा में हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। कोग्नीवेरा इंटरनेशनल पोलो कप की सफलता के बाद, हमें गर्व है कि कोग्नीवेरा पोलो कप 2026 जयपुर में इतने उत्साह और समर्थन के साथ शुरू हो रहा है।

उद्घाटन के दिन की गरिमा बढ़ाते हुए दुनिया की सबसे ऊंची पोलो ट्रॉफी का अनावरण किया गया। यह ट्रॉफी पहले ही महत्वाकांक्षा और उत्कृष्टता का प्रतीक बन चुकी है और जयपुर के पोलो कैलेंडर की शान को और बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित