जयपुर , फरवरी 28 -- स्वास्थ्य जागरुकता और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के साथ ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (जीएचडब्ल्यूएफ) 2026 का शनिवार को जयपुर में शुभारंभ हुआ।

बिड़ला ऑडिटोरियम में शुरू हुए 'लोकल से ग्लोबल' थीम के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाले इस मेगा आयोजन में पहले दिन विभिन्न विशेषज्ञ सत्रों, हेल्थ टॉक्स और पांच वर्ल्ड रिकार्ड्स ने जयपुरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।

फेस्टिवल के संस्थापक हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस (जेएचडब्लू) की अगुवाई में शुरू फेस्टिवल शुरु हुआ और इसके पहलेदिन आयोजित सत्रों में विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, जीवनशैली और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किये।

गौमाया के संस्थापक डॉ. सीताराम गुप्ता ने अपने सत्र में बताया कि ग्लोबल वार्मिंग आज विश्व की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत में पारंपरिक अंतिम संस्कार पद्धति में भी कार्बन उत्सर्जन में भूमिका निभाती हैं और इन्हें नेट ज़ीरो की दिशा में कैसे परिवर्तित किया जा सकता है, इस पर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

डॉ पीएम भारद्वाज ने 'मानव जीवन का उद्देश्य' विषय पर चर्चा करते हुए बताया कि जीवन का वास्तविक लक्ष्य आत्मिक संतुलन, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन दृष्टि के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है, वहीं डॉ. राजा मुकीम ने कहा कि आज लगभग हर व्यक्ति किसी न किसी बीमारी से प्रभावित है, लेकिन सही जीवनशैली, संतुलित आहार और प्राकृतिक पद्धतियों के माध्यम से बिना दवा के भी स्वस्थ जीवन संभव है।

वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रतिनिधि योगेश मित्तल ने बताया कि आयोजन के पहले दिन पांच वर्ल्ड रिकॉर्ड जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस एवं गौमाया के संयुक्त तत्वावधान में दर्ज किए गए, जिनमें पहला रिकॉर्ड 26 योग साधकों द्वारा 2600 सूर्य नमस्कार, दूसरा रिकॉर्ड एक हजार से ज्यादा सीनियर सिटीजंस बिना दवा एवं बीमारी के स्वस्थ जीवन कैसे जिए की कला के टॉक शो में उपस्थिति से दर्ज किया, तीसरा रिकॉर्ड 100 से ज्यादा कॉरपोरेट एक छत के नीचे इकट्ठा होकर वर्क लाइफ बैलेंस और स्ट्रेस मैनेजमेंट के गुर सीखे, चौथा जयपुर में विश्व का प्रथम अंगदाता स्मारक की स्थापना और पांचवा एक मिनट में सबसे ज्यादा लोगों का अंगदान शपथ ग्रहण फेस्टिवल की बड़ी उपलब्धि रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित