जयपुर , दिसंबर 27 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित कैरी बैग के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान के तहत शनिवार को दुकानदारों, प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक संस्थानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए करीब दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अतिरिक्त आयुक्त प्रथम प्रवीण कुमार ने बताया कि निगम की स्वास्थ्य शाखा शहर द्वारा प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में लगातार सख्त कदम उठाये जा रहे हैं और स्वास्थ्य शाखा की विशेष टीम की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बाजारों में कार्रवाई की गयी। इस दौरान विभिन्न स्थानों से 70 हजार 100 रुपये की वसूली की गयी और 70 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की गयी है।
श्री कुमार ने बताया कि इसी तरह सिविल लाइन जोन में 65 हजार 900, किशनपोल जोन में 31 हजार 100, आदर्श नगर जोन में 24 हजार 600 एवं हवामहल-आमेर जोन में 17 हजार 100 रुपये वसूल किये गये।
आयुक्त डाॅ गौरव सैनी ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण के साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत घातक है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नगर निगम की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें, कपड़े या कागज के थैलों का उपयोग करें और स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-संवेदनशील जयपुर के निर्माण में अपनी भागीदारी निभायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित