जयपुर , दिसंबर 16 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में जयपुर टाइगर फेस्टिवल की टाइगर फोटो प्रदर्शनी का मंगलवार को यहां सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें बेहतरीन फोटोग्राफर्स को उनकी अद्वितीय तस्वीरों और बाघ संरक्षण क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
राजस्थान हेरिटेज, आर्ट एंड कल्चरल फाउंडेशन द्वारा जवाहर कला केन्द्र में 7वें जयपुर टाइगर फेस्टिवल (जेटीएफ) का आयोजन 11 से 14 दिसंबर को किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं न्यायिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शिरकत की। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम रहे महाराष्ट्र के निजेश अली सैय्यद को 51 हजार रुपए, द्वितीय रहे हैदराबाद के जितेंद्र गोविंदानी को 31 हजार तथा तृतीय स्थान पर रहे जयपुर की तृप्ती पांडे एवं दिल्ली की आस्था सिंह को 21 हजार रुपए. का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
सात लोगों को कॉन्सोलेशन या मोटिवेशनल प्राइज के तहत 5100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। इनमें ध्रुव मित्तल, नरेश गुप्ता, प्रतीक गर्ग, शिव पालीवाल, पायल खंडेलवाल, गुरविंदर सिंह चंद्रा, अजय प्रजापत शामिल है। इसी के साथ बाघ एवं जंगल संरक्षण क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जगदीश प्रसाद जाट, अरुण सिंह, राजेन्द्र सिंह, ओम प्रकाश को 25-25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर श्री पेटल ने कहा कि इस तरह के आयोजन आमजन को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते है। इस तरह के साझा प्रयासों से ही हम जंगल और जानवरों को बचाने में सफल होंगे। फेस्टिवल में अनूठे अनुभव हासिल हुए, वन्यजीवों के जीवन से प्रकृति को समझने में आसानी होती है, सृष्टि को बचाने के लिए ऐसे फेस्टिवल जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित