जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जयपुर जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले में आमजन को घरेलू एलपीजी गैस की समय पर एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डॉ. सोनी की अध्यक्षता में जिला गैस वितरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस आपूर्ति व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू एलपीजी गैस उपलब्ध हो, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. सोनी ने गैस विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाएं ताकि आमजन में विश्वास कायम रहे और किसी प्रकार की भ्रांति की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन घरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध है, वहां एलपीजी कनेक्शन को नियमानुसार बंद किया जाए जिससे संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने प्रवर्तन शाखा एवं पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि उनके फोन नंबर हमेशा सुचारू स्थिति में रहें तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य किया जाए। आमजन को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित