जम्मू , अप्रैल 30 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को 'सम्पर्क के माध्यम से विकास' के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस की विस्तारित सेवा के लिए आयोजित कार्यक्रम को नया इतिहास रचने वाला बताया।

श्री वैष्णव ने कहा कि यह रेल लिंक जम्मू- कश्मीर घाटी के बीच एक अटूट और सीधा संपर्क स्थापित करेगा। उन्होंने कहा, "आज जम्मू-कश्मीर में रेल सम्पर्क के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है।"उन्होंने कहा कि यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए इस मार्ग पर एक आधुनिक वंदे भारत ट्रेन शुरू की गयी है, जिसमें सामान्य आठ कोचों के बजाय 20 कोच हैं। तकनीकी विशेषताओं और लाभों की बात करें तो, यह ट्रेन पहली बार 'विंटराइजेशन' तकनीक से सुसज्जित है, जिसमें गर्म विंडशील्ड और एक विशेष हीटिंग सिस्टम शामिल है, ताकि शून्य से नीचे के तापमान और भारी बर्फबारी में भी ट्रेन का संचालन बिना किसी रुकावट के जारी रहे। इसके माध्यम से लोग अब 267 किलोमीटर की दूरी मात्र चार से पांच घंटों में तय कर पाएंगे, जिससे समय की काफी बचत होगी और स्थानीय व्यापार, पर्यटन तथा अर्थव्यवस्था को एक नयी गति मिलेगी।

श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस की जम्मू तवी तक विस्तारित सेवा का शुभारंभ करने के लिए आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित थे।

इसके अलावा इस मौके पर राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना, सतपाल शर्मा, विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह, विक्रम रंधावा और युद्धवीर सेठी भी मौजूद थे। इस अवसर पर उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे और मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने इन गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। समारोह के दौरान, स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने इस अवसर के उत्सव के माहौल को और भी बढ़ा दिया।

वंदे भारत एक्सप्रेस की विस्तारित सेवा का शुभारंभ करने के बाद रेल मंत्री ने विश्व-प्रसिद्ध चिनाब पुल और श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन का गहन निरीक्षण किया और चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

वंदे भारत की नियमित सेवाएँ दो मई से शुरू होंगी और दो जोड़ी ट्रेनें संचालित की जाएँगी। ट्रेन संख्या 26401/26402 (सप्ताह में 6 दिन, मंगलवार को छोड़कर) जम्मू से सुबह 06:20 बजे प्रस्थान करेगी और श्रीनगर पूर्वाहन 11:10 बजे बजे पहुंचेगी। वहीं, श्रीनगर से अपराह्न 02:00 बजे प्रस्थान करेंगी और जम्मू शाम 06:50 बजे बजे पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 26403/26404: (सप्ताह में 6 दिन, बुधवार को छोड़कर) श्रीनगर से सुबह 08:00 बजे प्रस्थान करेगी और जम्मू अपराह्न 12:40 बजे पहुंचेगी। जम्मू से यह अपराह्न 01:20 बजे बजे प्रस्थान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित