जम्मू , दिसंबर 04 -- जम्मू-कश्मीर के भ्रष्टाचार-विरोधी विभाग की जम्मू विंग ने गुरुवार को रिश्वत के एक मामले में राजस्व अधिकारी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक उधमपुर में पटवारी (राजस्व अधिकारी) गंदेरब सिंह और गार्ड कुलदीप कुमार के खिलाफ एक शिकायतकर्ता से गैर-कानूनी रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 और दूसरी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी सरकारी कर्मचारी ने राजस्व रिकॉर्ड में अपना नाम ठीक करने के लिये शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता पैसे नहीं देना चाहता था और उसने आरोपी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिये भ्रष्टाचार-विरोधी विभाग से संपर्क किया। शिकायत मिलने पर मामले का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया गया। इससे विभाग को पता चला कि सरकारी कर्मचारी के रिश्वत मांगने की बात सच है। इसके बाद मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गयी।

एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों को अलग गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित