जम्मू , मई 04 -- वोमेध और द अवंती फाउंडेशन के सहयोग से जम्मू फिल्म महोत्सव का पांचवां आयोजन आगामी 28 और 29 सितंबर को यहाँ आयोजित किया जाएगा।
जम्मू फिल्म महोत्सव (जेएफएफ) के इस आयोजन की सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान औपचारिक घोषणा की गई, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक और सिनेमाई यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। महोत्सव के निदेशक राकेश रोशन भट ने इस अवसर पर सभी हितधारकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा विश्वास, दृढ़ता और अनगिनत व्यक्तियों और संगठनों के समर्थन से संभव हुई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे रचनात्मक समुदाय की है।
श्री भट्ट ने बताया कि इस संस्करण का मुख्य आकर्षण 'सर्वश्रेष्ठ स्थानीय निर्माण' (बेस्ट लोकल प्रोडक्शन) के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार होगा। यह पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण बनाए रखते हुए क्षेत्रीय प्रतिभाओं को निखारने की महोत्सव की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
महोत्सव के सह निदेशक रोहित भट ने कहा कि पांचवें आयोजन के साथ हम क्षेत्रीय कहानियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहे हैं। हमारा उद्देश्य जम्मू-कश्मीर के फिल्मकारों को सशक्त बनाना और उन्हें अपना काम प्रदर्शित करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करना है। महोत्सव के सलाहकार डॉ. अमित वांचू ने कहा कि यह महोत्सव अब एक विश्वसनीय मंच के रूप में विकसित हो चुका है, जो सार्थक सिनेमा को बढ़ावा देता है।
सह-प्रस्तुतकर्ता की ओर से बोलते हुए संजीव काक ने कहा कि वोमेध के माध्यम से जेएफएफ और द इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ श्रीनगर (टिफ्स) जैसे अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों से जुड़कर हमें बेहद खुशी हो रही है। ये मंच वैश्विक सिनेमा को यहाँ के दर्शकों के करीब लाने और स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वोमेध की सलाहकार भावना पंडिता ने कला और संस्कृति के प्रचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
वरिष्ठ अभिनेत्री कुसुम टिकू ने कहा कि इन मंचों को वर्षों में बढ़ते हुए देखना वास्तव में सुखद है। पहले आयाेजन से लेकर अब तक, जेएफएफ और टिफ्स क्षेत्र में महत्वपूर्ण सांस्कृतिक मील के पत्थर बन गए हैं। इस महोत्सव में भारत और विदेशों के फिल्मकारों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें स्क्रीनिंग और संवाद के विशेष सत्र होंगे।
महोत्सव के लिए प्रविष्टियाँ (सबमिशन) छह मई 2026 से शुरू होंगी और इन्हें 'फिल्म फ्री-वे' के माध्यम से ऑनलाइन भेजा जा सकेगा। आयोजकों ने बताया कि एक जुनून के साथ शुरू हुआ यह कार्यक्रम अब एक निरंतर आंदोलन बन गया है। जेएफएफ के पांच और टिफ्स को मिलाकर जम्मू-कश्मीर में अब तक कुल नौ फिल्म महोत्सव आयोजन पूरे हो चुके हैं।
यह उपलब्धि उन शुरुआती आशंकाओं का कड़ा जवाब है जिनमें इसे केवल एक बार होने वाला आयोजन माना गया था। पिछले आयोजनों में एम के रैना, राहुल रॉय, यशपाल शर्मा, कश्मीरा शाह और अयूब खान जैसी प्रसिद्ध फिल्मी हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। चौथा आयोजन जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा उद्घाटित किया गया था, जो इसकी बढ़ती प्रमुखता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित