जम्मू , फरवरी 4 -- जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बुधवार को उस समय भारी गतिरोध पैदा हो गया जब विपक्ष के नेता सुनील शर्मा की 'पीर पंजाल' क्षेत्र के अस्तित्व पर की गई एक कथित टिप्पणी को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर को सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब कांग्रेस विधायक इफ्तिखार अहमद ने शून्यकाल के दौरान श्री शर्मा के उस बयान का मुद्दा उठाया। यह बयान मंगलवार को एक निजी चैनल को दिया गया था। इसमें श्री शर्मा ने कथित तौर पर कहा था कि 'पीर पंजाल' जैसा कोई शब्द अस्तित्व में नहीं है। बता दें कि जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिलों को भौगोलिक रूप से 'पीर पंजाल' क्षेत्र कहा जाता है।

इसके बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस विधायकों ने "पीर पंजाल जिंदाबाद" के नारे लगाए और सदन के बीचों-बीच आकर विपक्ष के नेता से माफी की मांग की। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए कहा कि यह उन लोगों का अपमान है जिन्होंने देश की एकता के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने भाजपा पर जम्मू-कश्मीर को क्षेत्रीय और सांप्रदायिक आधार पर बांटने का आरोप लगाया।

इसके जवाब में भाजपा विधायकों ने कहा कि वे 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' में विश्वास करते हैं। भाजपा विधायक सुनील भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विवाद पैदा कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित