श्रीनगर , मार्च 20 -- जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अप्रैल में कश्मीर ट्रैवल मार्ट-2026 का आयोजन करेगा, जिसमें पूरे देश के 20 से अधिक राज्यों के लगभग 250 हितधारक एक साथ आएंगे। इसका उद्देश्य उद्योग जगत के संबंधों को मजबूत करना और कश्मीर को एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है।
जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री के कार्यालय ने शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा कि दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 14-15 अप्रैल को डल झील के सुरम्य तट स्थित शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में किया जाएगा। यह कार्यक्रम क्षेत्र की अपार पर्यटन क्षमता को उजागर करेगा।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा, " जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग 14-15 अप्रैल को कश्मीर ट्रैवल मार्ट-2026 की मेजबानी करने जा रहा है जिसमें पूरे देशके 20 से अधिक राज्यों के लगभग 250 हितधारक एक साथ आएंगे। यह आयोजन शिल्प सफारी, चुनिंदा गंतव्य पर्यटन और बिजनेस-टू-बिजनेस गतिविधियों द्वारा क्षेत्र की अपार पर्यटन क्षमता को उजागर करेगा, जिससे हितधारकों को कश्मीर की संस्कृति, विरासत एवं गर्मजोशी भरे आतिथ्य का एक समृद्ध एवं गहन अनुभव प्राप्त होगा। "उन्होंने कहा कि पर्यटन संबंधों को मजबूत करने और कश्मीर को एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में दृढ़ता से स्थापित करने के उद्देश्य से यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
अधिकारियों ने कहा कि पिछले वर्ष पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की पृष्ठभूमि में इस ट्रैवल मार्ट का महत्व और भी बढ़ गया है, जिसमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय टूर गाइड मारे गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित