श्रीनगर , अप्रैल 22 -- मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कई दिनों तक जम्मू-कश्मीर में सूखे मौसम का अनुमान लगाया है। अप्रैल के अंत तक रुक-रुक कर हल्की वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बुधवार को मौसम पूर्वानुमान जारी किया, जिसके अनुसार, 22-23 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, जबकि दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर कुछ समय के लिये हल्की वर्षा हो सकती है।
विभाग ने 24-25 अप्रैल से आसमान पर सामान्य रूप से बादल छाये रहने और दोपहर के बाद और शाम के समय छिटपुट से लेकर कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार 26 अप्रैल के परिदृश्य से संकेत मिलता है कि मौसम अधिकतर शुष्क रहेगा, दोपहर में छिटपुट हल्की वर्षा संभव है। 27-28 अप्रैल को फिर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 29-30 अप्रैल से बादलों के बढ़ने की उम्मीद है, जिससे कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने 23 अप्रैल तक केंद्र शासित प्रदेश के कई स्थानों पर दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि की चेतावनी भी दी है। कुल मिलाकर, किसी बड़े मौसमी व्यवधान की संभावना नहीं है, हालांकि रुक-रुक कर हल्की वर्षा और तेज हवाएं क्षेत्र की स्थितियों में अल्पकालिक बदलाव ला सकती हैं।
इस बीच, कश्मीर के कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से 0-2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि जम्मू संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया, जो कई क्षेत्रों में 1-3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित