श्रीनगर , मई 04 -- जम्मू-कश्मीर में चल रहे नशा मुक्त अभियान के तहत एक निर्णायक कार्रवाई में पुलिस ने सोमवार को श्रीनगर में मादक पदार्थ के एक तस्कर से संबंधित अवैध आवासीय संरचना को ध्वस्त कर दिया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी मोहम्मद इरफान शेख उर्फ इफ, पामपोश कॉलोनी, पालपोरा नूरबाग का निवासी है जो एक कुख्यात मादक पदार्थ का तस्कर है और सफाकदल एवं संगम पुलिस स्टेशन में 2024 और 2021 में दर्ज कई एनडीपीएस मामलों में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि उक्त संरचना मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन का उपयोग करके अधिग्रहित एवं विकसित की गई भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था।
यह निर्माण कार्य वैधानिक अनुमति के बिना, राजस्व कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए किया गया था। इसके अलावा, यह भी सामने आया है कि आरोपी के करीबी सहयोगी एवं परिवार के सदस्य भी कश्मीर घाटी में कई एनडीपीएस मामलों में कथित तौर पर शामिल हैं, जो मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक व्यापक नेटवर्क का संकेत देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित