जम्मू , मई 02 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रियासी जिले में शिव खोरी यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की तथा इस बात पर जोर दिया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और तीर्थयात्रियों के अनुकूल वातावरण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

उप महानिरीक्षक (उधमपुर-रियासी रेंज) शिव कुमार शर्मा ने शनिवार को रान्सू, शिव खोरी और पौनी सहित प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिस, विशेष अभियान दल (एसओजी) और सीआरपीएफ इकाइयों की परिचालन तैयारियों का आकलन किया ताकि तीर्थयात्रा सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि डीआईजी ने शिव खोरी यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए किए गए समग्र सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख तैनाती स्थलों का निरीक्षण किया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने शिव खोरी में तीर्थयात्रियों से भी बातचीत की और उनके अनुभव और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी ली। डीआईजी शर्मा ने स्वयं एक्स-रे बैगेज स्कैनिंग पॉइंट, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष, बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड, यात्रा पर्ची काउंटर, कांडा मोड़ और जांडी मोड़ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित