जम्मू , मार्च 22 -- जम्मू से लगभग 130 किलोमीटर दूर स्थित सुरम्य एवं दर्शनीय स्थल सनासर को अपना पहला नौ-होल वाला गोल्फ कोर्स मिलने वाला है, जिसके इस साल के मध्य तक चालू होने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर सरकार, पूरे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हुए, विश्व स्तरीय गोल्फ अवसंरचना तैयार कर गोल्फ पर्यटन पर बल दे रही है।

पटनीटॉप विकास प्राधिकरण (पीडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र मन्याल ने यूनीवार्ता से कहा, "घने शंकुधारी वृक्षों और पर्वत श्रृंखलाओं से घिरा, एक शांत वातावरण का निर्माण करने वाला, सनासर गोल्फ कोर्स जम्मू क्षेत्र में पर्यटन के लिए एक गेम चेंजर साबित होगा।" श्री मन्याल ने कहा कि 300 कनाल भूमि पर फैला यह नौ-होल वाला गोल्फ कोर्स होगा जिसे 16 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।"मनमोहक हरे-भरे घास के मैदानों में बसे सनासर में अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ खेल अवसंरचना को बेहतर बनाने के लिए सनासर गोल्फ कोर्स परियोजना शुरू की गई है।

उन्होंने आगे कहा, "गोल्फ कोर्स जल्द ही तैयार होने की उम्मीद है और संभवतः इस साल के मध्य तक, जून-जुलाई में इसे खोल दिया जाएगा। पर्यटन के दृष्टिकोण से, सनासर एक खूबसूरत जगह है जहां हर साल सैकड़ों पर्यटक आते हैं जिनमें घरेलू एवं विदेशी पर्यटक दोनों शामिल हैं।"उन्होंने कहा कि आगामी गोल्फ कोर्स पर्यटन उद्योग के लिए निश्चित रूप से एक बड़ा प्रोत्साहन साबित होगा। श्री मन्याल ने कहा कि गोल्फ कोर्स के अलावा, पटनीटॉप विकास प्राधिकरण इस रमणीय पर्यटन स्थल के समग्र उन्नयन के लिए अन्य अतिरिक्त विकास गतिविधियों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है।

सनासर में पहले से मौजूद ट्यूलिप गार्डन का उल्लेख करते हुए, श्री मन्याल ने कहा कि प्रति वर्ष अप्रैल में सैकड़ों पर्यटक खिलते हुए ट्यूलिप देखने के लिए सनासर आते हैं। इस साल दो लाख से अधिक फूल पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तैयार हैं।गौरतलब है कि 25 किस्मों के ट्यूलिप के साथ, यह उद्यान 35 कनाल भूमि में फैला हुआ है। जम्मू-कश्मीर देश के कुछ शीर्ष पर्यटन स्थलों में शामिल है और भव्य पर्वत श्रृंखलाओं के बीच लुभावनी प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण जम्मू उन सभी गुणों को प्रदर्शित करता है जो इसे एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल बनाते हैं।

रामबन जिले में बन रहे सनासर गोल्फ कोर्स के अलावा, जम्मू-कश्मीर में कुछ शानदार गोल्फ कोर्स मौजूद हैं जैसे जम्मू तवी गोल्फ कोर्स, रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स (श्रीनगर), पहलगाम गोल्फ कोर्स (लिद्दर घाटी), और गुलमर्ग गोल्फ क्लब, साथ ही बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर मुख्यालय और सेना के भलवाल गोल्फ संस्थान में स्थित गोल्फ कोर्स भी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित