जम्मू , मार्च 04 -- जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सेना के सतर्क जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
यह जानकारी रक्षा प्रवक्ता ने बुधवार को दी।प्रवक्ता ने बताया, "विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं और लगातार निगरानी के आधार पर आज तड़के भिंबर गली क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास आतंकवादियों की गतिविधि का पता चला।" उन्होंने कहा कि सतर्क 'व्हाइट नाइट कोर' के जवानों ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए और उत्कृष्ट सामरिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए तुरंत आतंकवादियों को घेर लिया, जिससे घुसपैठ की कोशिश नाकाम हो गयी और एलओसी पर किसी भी तरह की सेंधमारी को नाकाम कर दिया गया।
प्रवक्ता ने कहा, "समन्वित जमीनी कार्रवाई के जरिए दुश्मन की मंशा को प्रभावी ढंग से विफल कर दिया गया।" साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार प्रभुत्व बनाए रखने के लिए सैनिकों की पुनर्तैनाती की गई है और जमीनी तथा हवाई निगरानी को एकीकृत किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित