श्रीनगर , फरवरी 03 -- जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में पुलिस ने 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर का बार-बार दुरुपयोग करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, दाे फरवरी को रात करीब आठ बजे, पुलिस पोस्ट शादिपोरा को पुलिस कंट्रोल रूम गांदरबल के माध्यम से 112 पर एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट होने की सूचना देते हुए तत्काल पुलिस हस्तक्षेप की मांग की थी।
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर भेजी गई, लेकिन वहां पहुंचने पर कॉल करने वाले का मोबाइल फोन बंद पाया गया। बाद में की गई जांच में यह शिकायत पूरी तरह झूठी पाई गई।
पुलिस ने बताया कि आगे की पूछताछ में कॉल करने वाले की पहचान परवेज़ अहमद सईद, निवासी नारायणबाग, के रूप में हुई, जो पहले भी इस तरह की हरकतों में शामिल रहा है। वह आदतन अपराधी पाया गया है और जनवरी 2026 में ही 112 हेल्पलाइन पर तीन झूठी शिकायतें दर्ज करा चुका था।
पुलिस के बयान में कहा गया, "उसने ये हरकतें जानबूझकर की थीं, जिनका उद्देश्य अनावश्यक घबराहट फैलाना और वास्तविक आपात स्थितियों से पुलिस का ध्यान भटकाना था।"बयान में आगे कहा गया कि उसकी पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्यों के बयानों के आधार पर, तथा आपातकालीन सेवाओं के बार-बार दुरुपयोग को देखते हुए, उक्त व्यक्ति को कानून के निवारक प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है, ताकि ईआरएसएस-112 आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की पवित्रता और महत्व को सुरक्षित रखा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित