जम्मू , दिसंबर 22 -- जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने अराजत तत्वों के खिलाफ अपना रुख साफ करते हुए कहा है कि आतंकवाद और सभी प्रकार के अपराधों के खिलाफ पुलिस अभियान बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे।
श्री प्रभात ने कठुआ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस का मुख्य उद्देश्य राज्य में कानून व्यवस्था को पूरी तरह से बहाल करना, लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा करना और असामाजिक तत्वों का सफाया करना है। उन्होंने कहा कि चाहे आतंकवाद का मामला हो, नशीले पदार्थों की तस्करी का, गिरोहों की लड़ाई का या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि का, पुलिस हर मोर्चे पर पूरी ताकत से कार्रवाई करेगी।
श्री प्रभात ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद और नशा दोनों ही समाज के लिये जहर हैं और इनके खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की ही नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनता से पुलिस के साथ सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की ताकि आपराधिक तत्वों के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ा जा सके।
उन्होंने पुलिस बल के बलिदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठिन परिस्थितियों में भी ईमानदारी और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वाह किया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और शांति भंग करने वाले तत्वों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
इससे पूर्व, श्री प्रभात ने कठुआ स्टेडियम में 14वें पुलिस शहीद स्मारक टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिये प्रेरणा का स्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित