जमुई, जनवरी 27 -- ग्रामीण प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वूर्ण पहल के रूप में जमुई शहर में मंगलवार को बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग के ट्रायल का विधिवत आगाज हुआ।
शहर के सिकरिया स्थित जेएस क्रिकेट मैदान में आयोजित इस लीग के लिए ग्रामीण क्षेत्र के उन वंचित और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का ट्रायल शुरू किया गया है, जिन्हें अब तक घरेलू क्रिकेट में खेलने का अवसर नहीं मिल पाया था।
उल्लेखनीय है कि पूरे देश में बिहार पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से ग्रामीण लीग की शुरुआत की है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से इस लीग के लिए पहले ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से शुरू की गई थी। वेबसाइट के जरिए ही पंजीकृत खिलाड़ियों को ट्रायल की सूचना भी दी गई थी।
इस लीग में मंगलवार और बुधवार को जमुई जिला क्रिकेट संघ ने ट्रायल की तिथि निर्धारित की गई थी। आज ट्रायल में जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों से दर्जनों युवा खिलाड़ी पहुंचे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ियों को आगे जिला क्रिकेट संघ की तरफ से आयोजित ग्रामीण लीग में खेलने का मौका मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित