जमुई, अप्रैल 27 -- बिहार में जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के करहरा गांव में सोमवार को दो साल के मासूम बच्चे की ट्रैक्टर से कुचल कर मौत हो गई।

मृतक की पहचान रुद्राक्ष कुमार के रूप में हुई है, जो रोहित ठाकुर का पुत्र था।

यह घटना शिव मंदिर करहरा के पास की है, जहां ट्रैक्टर से कुचलने के बाद बच्चे को गंभीर हालत मेंअस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय गांव में एक ट्रैक्टर पर मिट्टी लोड की जा रही थी। इसी दौरान जब बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी ट्रैक्टर चालक ने वाहन को पीछे की दिशा में गति दी और बच्चा उसके चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक मौके से ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही झाझा पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित