जमुई, मई 02 -- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 16वीं वाहिनी ने विशेष सर्च अभियान के दौरान शनिवार को गंभीरा पहाड़ के जंगल से हथियार और विस्फोटक बरामद किया है।

जमुई के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया के निर्देशन में आज चलाया गया यह अभियान प्रभारी निरीक्षक सामान्य चाँद नश्कर के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर संचालित किया गया।

जानकारी के अनुसार, ई-समवाय जन्मस्थान कैंप की टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर गंभीरा पहाड़ स्थित लोधा पानी क्षेत्र के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान लोधा पानी से करीब 1.5 किलोमीटर दक्षिण दिशा में घने जंगल के भीतर संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामग्री में एक शॉर्ट बैरल बोल्ट एक्शन राइफल, 08 एमएम के आठ खाली खोखे और दो सुतली बम शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार और विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया।

अभियान के बाद सभी बरामद सामानों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये हथियार और विस्फोटक किस उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखे गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित