जमुई, मार्च 16 -- बिहार में जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र में घर में सो रहे एक बुजुर्ग की गोली मार कर हत्या कर दी गयी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वार्ड नंबर 15 स्थित लगमा मुहल्ला निवासी गणेश रावत (55) रविवार रात को अपने नए घर में सो रहे थे, तभी अपराधियों ने उनकी गोली मार कर हत्या कर दी।

सूत्रों ने बताया कि गणेश रावत का गांव में दो घर हैं। रविवार रात वह तालाब के पास बने अपने नए घर में अकेले सोने गए थे। सोमवार सुबह जब उनकी पत्नी उन्हें खोजते हुए नए घर पहुंचीं तो देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर जाकर देखा तो बिछावन पर गणेश रावत का शव पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जांच के लिये विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को भी बुलाया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित