जमुई , जनवरी 30 -- बिहार में जमुई जिले में पहली बार कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में एक भव्य आर्ट गैलरी का आयोजन किया गया।
यह आर्ट गैलरी जमुई स्थित चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय में लगाई गई है, जहां जिले के स्थानीय कलाकारों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शनी ने न केवल कलाकारों को मंच दिया है, बल्कि कला में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए भी यह एक सीखने का अवसर बनकर सामने आई है।
कलाकार बिरजू कुमार ने बताया कि जमुई जिले में पहली बार इस तरह की कला प्रदर्शनी लगायी गयी है। इससे जिले के छात्रों को यह समझने का मौका मिलेगा कि कलाकार किस तरह अपने विचारों और सामाजिक मुद्दों को कला के माध्यम से प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी फोटो गैलरी में अलग-अलग विषयों पर आधारित तस्वीरें लगाई गई हैं, जिन्हें दर्शकों की ओर से काफी सराहना मिल रही है। खास तौर पर उनकी गैलरी में बीड़ी वर्करों की समस्याओं, किसानों की चुनौतियों और ग्रामीण जीवन की वास्तविक तस्वीरों को उकेरा गया है। इन तस्वीरों के जरिए यह सवाल भी उठाया गया है कि सरकार इन वर्गों की मदद के लिए क्या कदम उठा सकती है।
वहीं कलाकार देवराज ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी नियमित रूप से लगनी चाहिए, इससे जिले के उभरते कलाकारों को पहचान मिलेगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
एक महिला कलाकार ने बताया कि पहले कला को समाज में वह महत्व नहीं मिल पाता था, लेकिन अब कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन की पहल से कलाकारों को पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में फाइन आर्ट, स्ट्रक्चर सहित कई विभागों के कार्य प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे बच्चों और युवाओं को सीखने की प्रेरणा मिल रही है।
जमुई के लीप आर्टिस्ट और शिक्षक दुष्यंत कुमार से बताया कि कला मन को शांति देती है। इस तरह के प्रदर्शनी से बच्चों को सीखने और आगे बढ़ने का मौका मिलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित