जमुई , फरवरी 04 -- बिहार में जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर नहर के पास मंगलवार देर रात हुये सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर राहुल मांझी (27) की मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल राहुल को बुधवार सुबह सदर अस्पताल जमुई लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पटना रेफर किया गया। हालांकि, पटना ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान मड़वा गांव निवासी झगड़ू मांझी के पुत्र राहुल मांझी के रूप में हुई है। बताया गया कि राहुल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण- पोषण करता था और मंगलवार रात रिश्तेदार के यहां से बाइक से घर लौट रहा था। हादसा सुनसान इलाके में होने के कारण वह पूरी रात नहर किनारे घायल घायल अवस्था में पड़ा रहा।

राहुल अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान व मामले की जांच में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित