जमुई , फरवरी 15 -- बिहार सरकार में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने रविवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर टीम इंडिया को हार्दिक शुभकामनायें दीं और कहा है कि यह मैच केवल खेल नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा अवसर है।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने विश्वास जताया है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और देश को जीत का तोहफा देगी। उन्होंने कहा, 'भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा विशेष होता है। खिलाड़ियों के उत्साह और देशवासियों की उम्मीदें इसे और भी खास बनाती हैं।'उन्होंने खास तौर पर बिहार के लाल ईशान किशन का उल्लेख करते हुये गर्व से कहा कि, 'एक बिहारी सब पर भारी।' उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने अपने दमदार प्रदर्शन से न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। ईशान की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी भी क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती है, यदि उसमें अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम हो।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने अंडर-19 स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले बिहार के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि वैभव के कोच से बातचीत जारी है और जल्द ही उन्हें बिहार बुलाकर सम्मानित किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उभरती प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिये प्रतिबद्ध है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनायें और अनुशासन व मेहनत के बल पर अपने सपनों को साकार करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित