रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा अंतर्गत ग्राम सोंडरा में आज एक किसान के अपनी कृषि भूमि वापस दिलाने की मांग को लेकर हाइटेंशन टावर पर चढ़ जाने का मामला प्रकाश में आया है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जाने लगे ।
जानकारी के अनुसार ग्राम सोंडरा निवासी किसान किशन निषाद की खेती योग्य जमीन फार्च्यून फैक्ट्री के समीप स्थित है। किसान का आरोप है कि कुछ वर्ष पहले फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया गया, जिसके बाद से वह लगातार अपनी जमीन वापस पाने के लिए प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है।
ग्राम सरपंच संतोष साहू के मुताबिक किसान ने अपनी समस्या को लेकर पुलिस और प्रशासन से कई बार गुहार लगाई। राजस्व विभाग द्वारा कराए गए सीमांकन में जमीन किसान की ही बताई गई, लेकिन अब तक उसे जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे किसान ने निराश होकर यह कदम उठाया और सुबह हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर सरपंच सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचकर उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश दी जिसके बाद कई घंटों की मान मनौव्वल के बाद किसान टावर से नीचे उतरा, फिलहाल प्रशासन को इस पूरे मामले की जानकारी स्थानीय सरपंच ने दी है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित