बैतूल , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की मुलताई तहसील के ग्राम सर्रा में जमीन विवाद के चलते एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम सर्रा निवासी नाथूराम बुलबाके ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी बहू देवकी के साथ खेत में हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई कर रहा था। इसी दौरान गांव के संतोष गढ़ेकर और उसका पुत्र प्रफुल्ल वहां पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद करने लगे।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने देवकी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे नाथूराम के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ और कमर में चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मुलताई के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। देवकी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित