अलवर , मार्च 29 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र में रविवार को जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में हुए खूनी संघर्ष में कई लोग घायल हो गए।
पुलिस सू्त्रों ने को बताया कि गांधी नगर गांव में सुबह यह खूनी संघर्ष चाचा-ताऊ के परिवारों के बीच हुआ। इस विवाद में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के लोग खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे, इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई।
सूत्रों ने बताया कि विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान करीब छह लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों का आरोप है कि खेत पर कब्जे की नीयत से हमला किया गया और विरोध करने पर पूरे परिवार को निशाना बनाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छह लोगों को हिरासत में लिया। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित