अलवर , फरवरी 21 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र में गांव मानका में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में एक पक्ष के आठ लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को पहले मुंडावर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते सभी को अलवर जिला अस्पताल भेज दिया गया।

घायल धर्मवीर ने बताया कि गांव में उसका एक खाली भूखंड है, जिस पर दूसरे पक्ष के लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। इस विवाद को लेकर दिसंबर 2025 में भी कहासुनी हुई थी। उस दौरान आरोपियों ने घर पर गोलीबारी और मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। उसने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो अब इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज करवाने जा रहे थे। इसकी भनक दूसरे पक्ष को लग गई और उनके घर पहुंच गए और उन्होंने डंडे, फरसी से सिर पर वार किये और फरसी से हमला कर कई लोगों के सिर फोड़ दिए।

घायलों में धर्मवीर, कृष्ण, कन्हैया, धनपत, धनसिंह और मां शांति देवी, बबली और चंदा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित