पन्ना , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कृष्णगढ़ में आज जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच हुई हिंसक झड़प में गोली चल गई। घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम कृष्णगढ़ निवासी सबीना अख्तर पति स्वर्गीय अकरम खान का अपने देवर अफजल खान से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पति की मृत्यु के बाद सबीना अख्तर को कथित रूप से परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते वह कुछ समय से अपने मायके ग्राम ककरहटी में रह रही थी। 14 जनवरी को वह अपने बच्चों के साथ भाई मोहम्मद रईस के साथ कृष्णगढ़ स्थित अपने घर पहुंची थी। इस दौरान अफजल खान ने कथित रूप से यह कहते हुए अपमानित किया कि उसका यहां कोई अधिकार नहीं है। विवाद बढ़ने पर सबीना अख्तर ने पवई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर एफआईआर क्रमांक 0021/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गुरुवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कहा-सुनी के दौरान अफजल खान ने मोहम्मद रईस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आत्मरक्षा में मोहम्मद रईस द्वारा डंडे से किए गए वार में अफजल खान के सिर में चोट आई।
ग्रामीणों की मदद से घायल मोहम्मद रईस को पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कटनी रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया। इसके बाद घायल अफजल खान को भी पवई स्वास्थ्य केंद्र से कटनी भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी भावना दांगी एवं थाना प्रभारी सुशील कुमार पुलिस बल के साथ पवई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित