हाजीपुर, दिसंबर 20 -- जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि जमीनी कार्यकर्ता उनकी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं, जिनके बल पर हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है।
वैशाली जिले के महनार में पार्टी की सदस्यता अभियान में भाग लेने आये श्री कुशवाहा ने आज कहा कि यह अभियान पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम होता है, जो संगठन की जमीनी मजबूती एवं पार्टी के विस्तार में अहम कड़ी की भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को और अधिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान में पार्टी के सभी कार्यकर्ता एक मिशन की तरह भाग लें और जदयू परिवार में एक करोड़ से अधिक सदस्य जोड़ने के लक्ष्य को हासिल करें।
श्री कुशवाहा की उपस्थिति में आज महनार में पार्टी की सदस्यता अभियान कार्यक्रम (2025-28) के दौरान क्षेत्र से आयी बड़ी संख्या में महिलाएँ एवं स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में श्री कुशवाहा के साथ विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ एवं वैशाली के जिलाध्यक्ष सुभाष चन्द्र सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित