जांजगीर-चांपा , जनवरी 14 -- छत्तीसगढ़ में किसान से धोखाधड़ी के मामले में न्यायिक हिरासत में रहे जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को अदालत से जमानत मिलने के बाद बुधवार शाम जिला जेल से रिहा कर दिया गया। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही जेल परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई।

जेल से बाहर आते ही विधायक साहू का गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

रिहाई के दौरान विधायक बालेश्वर साहू के हाथ में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर और संविधान की पुस्तक नजर आई। उन्होंने कहा कि उन्हें एक साजिश के तहत किसान बनकर झूठे मामले में फंसाया गया। विधायक ने आरोप लगाया कि किसान राजकुमार शर्मा ने राज्य सरकार पर दबाव बनाकर यह पूरा प्रकरण रचा।

विधायक साहू ने कहा कि अब वह बीते घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आगे बढ़ेंगे और जनता की सेवा तथा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने "सत्यमेव जयते" कहते हुए संविधान में अपनी आस्था भी दोहराई।

विधायक की रिहाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जेल परिसर और आसपास का इलाका देर तक जश्न के माहौल में नजर आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित