बालोद , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना रात करीब नौ बजे जमही टोल प्लाजा के समीप हुई, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रक से मोटरसाइकिल सवार युवक जा टकराए।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान गुजरा गांव निवासी विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक कुसुमकसा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जमही टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़ी अज्ञात ट्रक के पीछे उनकी मोटरसाइकिल टकरा गयी।

पुलिसने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रात लगभग 10 बजे एंबुलेंस की मदद से तीनों शवों को जिला अस्पताल शव गृह में रखवाया गया।

पुलिस ने बताया कि आज तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। पुलिस के अनुसार सड़क पर गलत तरीके से ट्रक खड़ा करने पर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इसे गंभीर लापरवाही का मामला माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गुजरा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और रात्रि में वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित