लखनऊ , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस ने बड़े बजट के बावजूद खर्च में कथित ढिलाई को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जब बजट का समुचित उपयोग ही नहीं किया जा रहा तो बड़ा बजट प्रस्तुत करने का दावा महज दिखावा है। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने शुक्रवार को बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि बजट का आकार बढ़ाना और आंकड़ों की गिनती बढ़ाना विकास का प्रमाण नहीं है। उन्होने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्राम विकास जैसे अहम विभागों में आवंटित धनराशि का पूरा उपयोग नहीं कर पा रही है।
उन्होंने आउटसोर्सिंग के माध्यम से दी जा रही नौकरियों को युवाओं के साथ धोखा बताते हुए कहा कि इससे उनके भविष्य पर अनिश्चितता छा जाती है। कांग्रेस ने सरकार से स्थायी नौकरी और सम्मानजनक वेतन की ठोस नीति बनाने की मांग की है।
आराधना मिश्रा मोना ने यह भी आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार विकास के नाम पर निजीकरण और पीपीपी मॉडल को बढ़ावा दे रही है, जबकि युवाओं को स्थायी रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। कांग्रेस ने सरकार से बजट के प्रभावी क्रियान्वयन और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित